तीन बहनों ने एक साथ जीते गोल्ड मेडल, BBMKU में रचा इतिहास

मेहनत, अनुशासन और मजबूत पारिवारिक संस्कारों की अनूठी मिसाल धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के द्वितीय दीक्षांत समारोह में देखने को मिलेगी, जहां एक ही परिवार की तीन सगी बहनों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि समाज के लिए भी यह प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।

तीनों बहनों ने अलग-अलग सत्रों और विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। सबसे बड़ी बहन केतकी ने पीजी मास कम्युनिकेशन (सत्र 2020–22) में टॉप कर ‘बेस्ट पोस्ट ग्रेजुएट’ का सम्मान प्राप्त किया। केतकी की पहचान एक अनुशासित, शोधपरक सोच रखने वाली और रचनात्मक दृष्टिकोण वाली छात्रा के रूप में रही है।

मंझली बहन मल्लिका ने पीजी मैनेजमेंट स्टडीज (सत्र 2020–22) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि नेतृत्व क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और निरंतर मेहनत से किसी भी क्षेत्र में सफलता पाई जा सकती है। मल्लिका को पढ़ाई के साथ-साथ संगठनात्मक दक्षता के लिए भी जाना जाता है।

वहीं सबसे छोटी बहन जूही कुमारी ने यूजी बॉटनी (सत्र 2018–21) में टॉपर बनने के बाद पीजी मास कम्युनिकेशन (सत्र 2021–23) में भी शानदार सफलता हासिल की। जूही की विशेषता उनकी निरंतरता, बहु-विषयक समझ और सीखने की जिज्ञासा रही है।

तीनों बहनों की यह सफलता वर्षों की साधना, माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति अटूट विश्वास का परिणाम है। BBMKU के दीक्षांत समारोह में एक ही परिवार की तीन बेटियों को गोल्ड मेडल मिलना न केवल विश्वविद्यालय के इतिहास में दर्ज होगा, बल्कि यह बेटियों की क्षमता और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त प्रमाण भी बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *