
SNMMCH धनबाद में नवजात शिशु चोरी, नर्स बनकर आई महिला ले गई बच्चा
धनबाद जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गायनी वार्ड से नवजात शिशु की चोरी का मामला सामने आया है, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार धनबाद के अस्पताल जांच के बहाने एक महिला नवजात बच्चे को लेकर फरार हो गई।
क्या है पूरा मामला
टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भेलवे गांव निवासी शालिग्राम मरांडी ने अपनी पत्नी सरिता मरांडी को 24 दिसंबर को प्रसव के लिए SNMMCH में भर्ती कराया था। 25 दिसंबर को सरिता मरांडी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
शनिवार की रात करीब 8 बजे, गायनी वार्ड में एक महिला नर्स के वेश में पहुंची और नवजात बच्चे को जांच के लिए ले जाने की बात कही। बच्चे की दादी बच्चे को गोद में लेकर उस महिला के साथ वार्ड से बाहर निकली। बाहर पहुंचते ही महिला ने बच्चे को अपनी गोद में ले लिया और कहा कि जांच के बाद बच्चे को लौटा दिया जाएगा।
महिला ने सरिता मरांडी और उसकी सास को तीसरी मंजिल पर बैठने को कहा और स्वयं बच्चे को लेकर आगे बढ़ गई। करीब आधे घंटे बाद जब परिवार को संदेह हुआ तो उन्होंने बच्चे की तलाश शुरू की। जानकारी मिली कि बच्चे को ऑर्थो वार्ड की ओर ले जाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि बाहर निकलने का दूसरा रास्ता भी मौजूद है।
परिवार ने पूरे अस्पताल में बच्चे की खोजबीन की, लेकिन नवजात का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि नवजात शिशु के गायब होने का मामला गंभीर है और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और अस्पताल परिसर में लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply