शीतलहर का कहर: येलो अलर्ट के बीच बोकारो में 6 जनवरी तक स्कूलों की पढ़ाई स्थगित

Due to heavy winter schools will be closed for upcoming 2 days

येलो अलर्ट के बीच बोकारो में ठंड का असर, स्कूलों की कक्षाएं 6 जनवरी तक स्थगित

बोकारो। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड (रांची) की ओर से जारी विशेष मौसम बुलेटिन में राज्य में भीषण ठंड और शीतलहर की चेतावनी दी गई है। इस चेतावनी के तहत बोकारो जिले को येलो जोन में रखा गया है, जहां अत्यधिक ठंड और शीतलहर की संभावना जताई गई है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अजय नाथ झा जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त बोकारो ने कदम उठाते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अंतर्गत एक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेंगी। सभी विद्यालय प्रबंधन को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति अपने विवेक अनुसार पूर्व निर्धारित परीक्षा ले सकते हैं

हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से परीक्षा का आयोजन कर सकता है। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं से संबंधित गतिविधियों का संचालन भी विद्यालय अपनी सुविधा के अनुसार कर सकेंगे।

स्कूल बंद रहेंगे पर शिक्षक, जायेंगे विद्यालय

गौरतलब है कि सरकारी विद्यालय पहले से ही शीतकालीन अवकाश के कारण 5 जनवरी 2026 तक बंद हैं। वहीं, 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे। इस दिन शिक्षक विद्यालय पहुंचकर ई-विद्या वाहिनी (EVV) के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे तथा विद्यालय के आवश्यक गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

यह आदेश विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *