
पेटरवार संवाददाता: पेटरवार प्रखंड के चांदो पंचायत भवन में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से केसीसी ऋण जागरूकता एवं संवीकरण प्रखंड स्तरीय अभियान का आयोजन शुक्रवार को किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के लाभ, ऋण संवीकरण की प्रक्रिया तथा कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि वे समय पर लाभ प्राप्त कर सकें और अपनी कृषि गतिविधियों को सुदृढ़ बना सकें। कार्यक्रम के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से मिलने वाली सस्ती ब्याज दर पर ऋण सुविधा, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज में छूट, तथा कृषि से संबंधित आवश्यकताओं जैसे बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्रों की खरीद में इसके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंप, किसानों की आय बढ़ाने तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई। इसके अलावा धान अधिप्राप्ति हेतु किसानों का निबंधन और क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर निबंधन और सही जानकारी उपलब्ध कराने से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ आसानी से मिल सकता है। क्रॉप सर्वे में किसानों की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी। कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी काशी नाथ, अग्रगति सीएफएल कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार महतो, एटीएम नवीन कुमार एवं जनसेवक प्रेम कुमार दास उपस्थित थे।

Leave a Reply