
पेटरवार। पेटरवार प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शनिवार को मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, योगेंद्र प्रसाद ने शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मंत्री ने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, पेटरवार परिसर में आयोजित पेटरवार प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। उद्घाटन के पश्चात मंत्री ने स्वास्थ्य मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी ली। संबोधन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य मेला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आमजनों को उनके क्षेत्र में ही सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने के लिए संकल्पित होकर निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कोई धन नहीं होता।

मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पेटरवार में नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर का विधिवत शुभारंभ किया। मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थिएटर की शुरुआत होने से क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी उपचार संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इस दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। मौके पर जिप सदस्य प्रहलाद महतो व माला कुमारी,सीएचसी प्रभारी डॉ कुंदन राज, झामुमो जिला सचिव मुकेश कुमार महतो,मनोहर मुर्मू,कृष्णा महतो,मनोज टुडू सहित अनेक लोग शामिल थे।

Leave a Reply