बोकारो की बेटी अपूर्वा वर्मा ने UPSC में हासिल की 42वीं रैंक, IPS रहते हुए पाई सफलता

बोकारो की बेटी अपूर्वा वर्मा ने UPSC में हासिल की 42वीं रैंक, IPS रहते हुए पाई बड़ी सफलता

बोकारो की बेटी अपूर्वा वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 42वीं रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वह दिल्ली पुलिस में एसीपी (Assistant Commissioner of Police) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता से बोकारो सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अपूर्वा वर्मा की शुरुआती पढ़ाई बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा विज्ञान संकाय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) मणिपुर से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपूर्वा की नौकरी प्रतिष्ठित कंपनी एलएंडटी (Larsen & Toubro) में लग गई थी। हालांकि कॉर्पोरेट क्षेत्र में करियर की शुरुआत के बावजूद उनके मन में सिविल सेवा के माध्यम से देश की सेवा करने का सपना था। इसी उद्देश्य से उन्होंने एलएनटी की नौकरी छोड़कर पूरी तरह से यूपीएससी की तैयारी करने का निर्णय लिया।

कड़ी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 में आयोजित यूपीएससी परीक्षा में अपने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। इस सफलता के बाद वर्ष 2021 में वह भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हुईं और दिल्ली पुलिस में एसीपी के पद पर अपनी सेवाएं देने लगीं।

दिल्ली पुलिस में कार्य करते हुए भी अपूर्वा ने अपने लक्ष्य को और आगे बढ़ाने का निश्चय किया। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में अपना अंतिम प्रयास करते हुए वर्ष 2025 की परीक्षा में हिस्सा लिया और इस बार 42वीं रैंक हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

अपूर्वा वर्मा के पिता अजीत कुमार प्रसाद वर्मा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के ट्रैफिक विभाग में एजीएम (AGM) पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी माता आभा वर्मा गृहिणी हैं। बोकारो के सेक्टर 4 में रहने वाली अपूर्वा दो भाई-बहनों में बड़ी हैं। उनके भाई अपूर्व वर्मा सेफ्टी विभाग में कार्यरत हैं।

अपूर्वा की इस उपलब्धि से बोकारो के लोगों में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता से खासकर जिले के युवाओं और छात्राओं को प्रेरणा मिल रही है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *