
Bokaro: ‘हैप्पी स्ट्रीट’ की शानदार कामयाबी के बाद बोकारो स्टील प्लांट द्वारा आयोजित ‘फूड स्ट्रीट’ ने शहरवासियों को एक यादगार शाम दी। 22 मार्च की संध्या गांधी चौक से बोकारो मॉल मोड़ तक सजे इस स्वाद के मेले का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। जहाँ एक ओर शहर ने नए प्रयोग का दिल खोलकर स्वागत किया, वहीं व्यवस्था को लेकर कुछ रचनात्मक सुझाव भी सामने आए।
दिखा स्वाद और संस्कृति का अनूठा संगम
बीएसएल की इस पहल पर शहर में पहली बार आयोजित फूड स्ट्रीट में लगभग 70 स्टॉल लगाए गए थे। यहाँ देश के विभिन्न प्रांतों के व्यंजनों के साथ-साथ झारखंड के पारंपरिक पकवानों का जादू सिर चढ़कर बोला। महिला समिति के स्टॉल ने हमेशा की तरह अपनी खास पहचान बनाए रखी। उद्घाटन के अवसर पर उप महानिरीक्षक (सीआईएसएफ) राजीव मिश्रा, शुभम रंजन और बीएसएल के तमाम अधिशासी निदेशकों सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
एक लेन में सिमटी भीड़: आनंद के साथ रही थोड़ी परेशानी
आयोजन को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा गया, लेकिन सड़क की केवल एक लेन में स्टॉल लगाए जाने के कारण भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम ढलते ही लोगों तादात बढ़ गई कि आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शहरवासियों का सुझाव:
कार्यक्रम का हिस्सा बने लोगों का कहना था कि यदि प्रशासन सड़क के दोनों लेन का उपयोग स्टाल लगाने के लिए करता, तो लोगों को घूमने और खाने के लिए अधिक खुली जगह मिलती।
सफल प्रयोग, भविष्य की उम्मीदें
इन छोटी परेशानियों के बीच बोकारो वासियों ने बीएसएल के इस नए प्रयोग की जमकर सराहना की। गांधी चौक से मॉल मोड़ तक लोग गरमजोशी से एक-दूसरे से मिलते और व्यंजनों का लुत्फ उठाते दिखे। देर रात तक चली इस हलचल ने यह साबित कर दिया कि बोकारो अब ऐसे आधुनिक और सामाजिक आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।

कुल मिलाकर, ‘फूड स्ट्रीट’ एक सफल शुरुआत रही। यदि भविष्य में स्थान और लेन प्रबंधन पर थोड़ा और ध्यान दिया जाए, तो यह आयोजन न केवल बोकारो बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक मिसाल बन सकता है।

Leave a Reply