Bokaro, petarwar desk: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र स्थित सलगाडीह मोड़ के समीप एनएच-23 पर बुधवार रात करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय नर्सिंगकर्मी मंजू कुमारी की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक एवं दुःख की लहर है।
जानकारी के अनुसार, उतासारा पंचायत के सलगाडीह गांव निवासी प्रेमचंद मुंडा की पुत्री मंजू कुमारी पेटरवार के केवट मोहल्ला स्थित ओम साई हॉस्पिटल में नर्सिंगकर्मी के रूप में कार्यरत थीं। बुधवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने चाचा के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सलगाडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मंजू कुमारी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जबकि उनके चाचा को मामूली चोट लगी। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मंजू कुमारी ने दम तोड़ दिया।
मंजू कुमारी का ससुराल कसमार थाना क्षेत्र के सुइयाडीह गांव में है। उनके पति कृष्णा मोदी हैदराबाद में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। बताया जाता है कि मंजू अपनी तीन वर्षीय बेटी के इलाज के लिए मायके में रह रही थीं। उनकी मासूम बेटी ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिसके इलाज का खर्च उठाने के लिए मंजू नर्सिंग का काम कर रही थीं।
इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मंजू अपने पीछे ब्लड कैंसर से जूझ रही तीन साल की बेटी को छोड़ गई हैं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना गुरुवार सुबह पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।


