
हमारा बोकारो, पेटरवार डेस्क । पूज्य तपस्वी श्री जग जीवन जी महाराज ज्योति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पेटरवार में सावन माह के पावन अवसर पर भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऋतु रानी (सावन क्वीन) प्रतियोगिता रही। हरे परिधानों, चूड़ियों और सावन गीतों से विद्यालय परिसर पूरी तरह सावनमय नजर आया । प्रतिभागियों ने मेहंदी, आरती थाल सज्जा, पारंपरिक गीत एवं लोकनृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडली में बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति, पंचायत समिति सदस्य रश्मि कुमारी, शालिनी सिंगला एवं संगीता सिन्हा शामिल रहीं। विजेता प्रतिभागियों को मुकुट पहनाकर आकर्षक उपहारों से सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया।मौके पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव कुमार संजय सिन्हा, उपाध्यक्ष रविकांत सिंगला, प्रधानाचार्य रमेश कुमार उपाध्याय एवं सदस्य नेहा साव उपस्थित रहे।कार्यक्रम की मुख्य आयोजक मातृ भारती की कुमारी अर्पणा सिन्हा, बिनीता कुमारी सिन्हा, संध्या देवी, सुप्रिया पारीक, नेहा कुमारी एवं स्वाती कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखना तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।


