
जनजागरण अभियान
हमारा बोकारो पेटरवार डेस्क। पेटरवार प्रखंड के ओरदाना पंचायत अंतर्गत ग्राम ओबरा में गुरुवार को झामुमो की ओर से MMDR कानून के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो ओरदाना पंचायत अध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने किया। इस दौरान ग्रामीणों को कानून से होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान और झारखंड के खनिज संसाधनों पर इसके प्रभाव की जानकारी दी गई। झामुमो नेताओं ने दावा किया कि खनिजों से मिलने वाले सेस (उपकर) और बकाया राशि पर केंद्र की नीतियों का असर पड़ने से राज्य की विकास योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इससे मंईयां सम्मान योजना, वृद्धा एवं विधवा पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अबुआ आवास जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में परेशानी उत्पन्न हो सकती है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर अधिकार स्थापित करने की कोशिश कर रही है। ग्रामीणों ने एक स्वर में कानून का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
इस दौरान आगामी 7 सितंबर 2026 को MMDR कानून के विरोध में पेटरवार प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों से शामिल होने का आह्वान किया गया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण महतो, मिथुन महतो, गोपाल महतो, शमशेर, गीता देवी, ममता देवी, कल्पना देवी, प्रह्लाद महतो, कर्मा करमाली, शिवजीत सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
