लगातार हो रही थी चोरी, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, सोना-चांदी व नकदी भी बरामद

बोकारो : बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से बंद घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया सोना-चांदी का आभूषण और नकद राशि बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले बद्दू राम उर्फ भाटिया और नीरज कुमार नायक को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा.

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चंद्रपुरा थाना क्षेत्र से साहिल कुमार उर्फ गुज्जा और राजवीर कुमार उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक गले का हार, एक जोड़ी कान का झुमका, एक मंगलसूत्र, तीन जोड़ा चांदी जैसी पायल और कुल 28,500 रुपये नगदी भी बरामद किए गए।

इस छापामारी दल में बोकारो सिटी थाना के प्रभारी सुदामा कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक महदी बोपैय, आरक्षी 63 हरिश्चंद्र प्रसाद सिंह, आरक्षी 1205 मदन प्रसाद, आरक्षी 700 विजय कुमार सिंह, आरक्षी 477 राजीव कुमार, आरक्षी 837 जितेंद्र कुमार एवं आरक्षी 1548 राकेश कुमार शामिल थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी बद्दू राम उर्फ भाटिया का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *