
बोकारो। उकरीद मोड़ स्थित बबलू चिकन दुकान के सामने शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी अपने मायके बाराडीह जैनामोड़ से बोकारो सेक्टर-3 स्थित अपने क्वार्टर लौट रही थीं। वह अपने पति राजेश और दो बच्चों के साथ स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार थीं। इसी दौरान एक टोइंग वैन, जो एक ट्रक को खींचकर ले जा रही थी, उसके संपर्क में आने से दुर्घटना हो गई।
हादसे में पुष्पा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति राजेश के हाथ में फ्रैक्चर की सूचना है, जबकि 8 वर्षीय बेटी और 4 वर्षीय बेटे को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा गया है।
मृतका का ससुराल बरमसिया गांव बताया जा रहा है। राजेश सेक्टर-4 स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-23 पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों के सामने मां की मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply