नेपाल में बोकारो के जादूगर सरोज राय को ‘मातृभाषा रत्न’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मान

बोकारो/काठमांडू, 21 फरवरी: झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत सतनपुर निवासी जाने-माने कवि एवं जादूगर सरोज राय को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समारोह में मातृभाषा रत्न अंतर्राष्ट्रीय मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।यह सम्मान नेपाल की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन, नेपाल द्वारा आयोजित समारोह में दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री संबंधों को सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना तथा हिंदी-नेपाली सहित विभिन्न भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए साहित्यकारों और शिक्षकों को प्रोत्साहित करना रहा।

समारोह में नेपाल, भारत समेत पाँच देशों के लगभग एक हजार साहित्यिक एवं शैक्षिक प्रतिभाओं को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि एवं मातृभाषा गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में सरोज राय को उनके साहित्यिक, शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सरोज राय पेशे से गणित शिक्षक हैं तथा अपनी जादू कला और कविताओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी कई साझा काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं और वे विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व भी उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रतिभाशाली रचनाकारों को अंतर्राष्ट्रीय मंच देकर उनमें नई ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने सरोज राय को लोकप्रिय शिक्षक एवं प्रेरक कवि बताते हुए कहा कि उनकी रचनाएँ समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।

इस उपलब्धि पर उनके शुभचिंतकों, मित्रों एवं साहित्यप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *