रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं से मारपीट का वीडियो वायरल, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं से मारपीट का वीडियो वायरल, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

रामगढ़ जिले के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने घटना में शामिल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में एक परिवार अपने साथ आए बुजुर्ग सदस्य को निकास द्वार से मंदिर में प्रवेश दिलाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने बुजुर्ग को अंदर जाने की अनुमति दे दी, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य भी उसी रास्ते से प्रवेश करने की जिद करने लगे। इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला मीडिया में सुर्खियों में आ गया। इसके बाद एसपी अजय कुमार खुद रजरप्पा मंदिर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। सभी पक्षों की बात सुनने के बाद उन्होंने घटना में शामिल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

एसपी अजय कुमार ने कहा कि ऐसी स्थिति में पुलिसकर्मियों को अधिक संयम और संवेदनशीलता का परिचय देना चाहिए था। घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, इसलिए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *