
हमारा बोकारो,डेस्क। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बोकारो महानगर ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर कबड्डी प्रीमियर लीग का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना तथा खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।
प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख बीना झा, धनबाद विभाग संयोजक पवन कुशवाहा, जिला संयोजक रोशन जायसवाल, समाजसेवी विवेक सिंह, युवा समाजसेवी प्रशांत कुमार महतो और भाजपा नगर अध्यक्ष विशाल गौतम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेल और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की गई।


