बोकारो में 9 चोरी की बाइक बरामद, वाहन चोरी गिरोह का खुलासा; एक आरोपी गिरफ्तार

Bokaro Police achieved a major success in a vehicle theft case by recovering 9 stolen motorcycles. One notorious bike thief has been arrested and one juvenile has been detained. Read the full story.

हमारा बोकारो डेस्क । बोकारो पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हरला थाना क्षेत्र से चोरी हुई अपाचे बाइक भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9/D स्थित बीएसएल क्वार्टर से 2 जुलाई 2026 को सुदेश कुमार की अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में हरला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध किशोर की निशानदेही पर धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित कैलुडीह खटाल में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़ा था। बरामद अन्य वाहनों के मालिकों की पहचान के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों से संपर्क किया जा रहा है।

हरला थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की बाइक चोरी हुई है, वे संबंधित थाने में वाहन के कागजात के साथ संपर्क कर अपनी मोटरसाइकिल की पहचान कर सकते हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *