
पेटरवार। सहयोगिनी संस्था ने जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन नेटवर्क के सहयोग से पेटरवार पंचायत के बुंडू पंचायत सचिवालय और पेटरवार थाना परिसर में बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बाल विवाह और बाल तस्करी की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने पंचायत को बाल हितैषी बनाने के लिए बच्चों के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को लेकर लगातार कार्य करने की बात कही। वहीं थाना परिसर में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह उन्मूलन की शपथ ली।
सहयोगिनी संस्था की कोषाध्यक्ष सूरजमानी देवी ने बताया कि बोकारो जिले के सभी प्रखंडों में बाल संरक्षण समितियों को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान गोमिया सहित जिले की विभिन्न पंचायतों में भी चलाया जा रहा है।
मौके पर रोजगार सेवक तबस्सुम, मो. जमील बरसी, ममता देवी, समरी देवी, सुमन देवी सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


