
हमारा बोकारो पेटरवार डेस्क। पेटरवार की होनहार कॉर्फबॉल खिलाड़ी यूरी सेठी ने एक बार फिर झारखंड का नाम रोशन किया है। भारत की पहली कॉर्फबॉल प्रीमियर लीग KPL-2026 में उन्हें गुजरात रॉयल्स टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यूरी की इस उपलब्धि से पेटरवार सहित पूरे बोकारो जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। KPL-2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नई दिल्ली के त्यागराज इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। लीग में पुरुष और महिला खिलाड़ी एक ही टीम में खेल रहे हैं। पहले संस्करण में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि भारत के खिलाड़ियों के साथ विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। यूरी सेठी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खेलने का अनुभव है। वह अगस्त 2025 में चीन के लेशान में आयोजित IKF U21 एशिया-ओशिनिया कॉर्फबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वहीं अगस्त 2026 में मलेशिया के निलाई में आयोजित IKF U21 विश्व कॉर्फबॉल चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम की उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाली थी। यूरी सेठी संयुक्त गत्यात्मक ज्योतिष के संस्थापक स्व. विद्या सागर महथा की पौत्री तथा विशेष कुमार और अन्नू सेठी की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

