शिक्षा व्यवस्था पर सुदेश महतो का निशाना,बोले—शिक्षा सही नहीं तो राज्य कभी आगे नहीं बढ़ सकता

प्रतिभा सम्मान समारोह

हमारा बोकारो पेटरवार डेस्क । भानु महतो स्मारक न्यास, रांची के तत्वावधान में शनिवार को वन सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो तथा विशिष्ट अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि वे समाज को अनवरत सही राह दिखाते रहते हैं। उन्होंने राज्य की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा को लेकर राज्य सरकार की वर्तमान नीति राज्य के हित में नहीं है।


उन्होंने कहा जिस राज्य की शिक्षा व्यवस्था सही नहीं हो, वह कभी भी आगे नहीं बढ़ सकता। सुदेश महतो ने छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान गांव के स्कूल चलो एवं ग्राम चौपाल का भी जिक्र किया।
पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के पेटरवार, कसमार एवं गोमिया प्रखंड के मैट्रिक और इंटरमीडिएट में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 130 प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर सिन्हा ने किया। मौके पर आजसू केंद्रीय सचिव काशीनाथ सिंह, गोमिया प्रमुख प्रमिला चौड़े, जिला परिषद सदस्य प्रहलाद महतो एवं अमरदीप महाराज, बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति, पंचायत समिति सदस्य रश्मि कुमारी, सचिन कुमार, सुरजन कपरदार,मुमताज अंसारी, श्रीधर महतो, राजेश विश्वकर्मा, सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *