किसानों को मिलेगी सही दवा और उचित सलाह, कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय कीटनाशक विक्रेता शिविर संपन्न

हमारा बोकारो पेटरवार डेस्क। जिला कृषि कार्यालय, बोकारो और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र, पेटरवार, में जिला स्तरीय कीटनाशक विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में बोकारो जिले के विभिन्न प्रखण्डों में स्थापित कुल 53 अधिकृत कीटनाशक विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. सुषमा सरोज सूरीन ने कहा कि प्रायः देखा जा रहा है कि किसान फसलों में बीमारी या कीट लगने पर विशेषज्ञों की राय लिए बिना सीधे कीटनाशक विक्रेताओं से दवाइयां खरीद लेते हैं। उचित तकनीकी जानकारी न होने के कारण खेतों में सही कीटनाशकों का उपयोग नहीं हो पाता है, जिससे फसलों में कीट एवं व्याधि (बीमारियों) का प्रबंधन ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। डॉ. सूरीन ने विक्रेताओं को संबोधित करते हुए आगे कहा कि फसलों को बीमारियों से बचाने के लिए रासायनिक कीटनाशकों का सीमित और सटीक इस्तेमाल बेहद जरूरी है। उन्होंने विक्रेताओं को सलाह दी कि वे दुकान पर आने वाले किसानों को हमेशा उचित मात्रा और सही तकनीक से कीटनाशकों के प्रयोग की जानकारी दें, ताकि पर्यावरण और इंसानी सेहत को नुकसान न पहुंचे।


कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक व वैज्ञानिक डॉ. सुषमा ललिता बाखला ने भी उपस्थित विक्रेताओं को कीट नियंत्रण के आधुनिक तरीकों, जैविक कीटनाशकों के महत्व और बाजार में उपलब्ध विभिन्न दवाओं के सुरक्षित रख-रखाव के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारियां दीं। इस पूरे जिला स्तरीय आयोजन को सफल बनाने में मुकेश कुमार और मोहम्मद जुनैद आलम ने अहम भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागी विक्रेताओं ने केंद्र की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस जानकारी से वे किसानों को और बेहतर तरीके से सही दवाएं एवं सही सलाह उपलब्ध करा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *