बोकारो: उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़; इरफान अंसारी पर प्राथमिकी दर्ज

बोकारो, डेस्क (09.04.2026): जिले में लगातार अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे हैं, गुरुवार को विशेष अभियान के तहत उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को सफलता मिली है। उत्पाद विभाग की टीम ने सियालजोड़ी थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इसमें संलिप्त मुख्य आरोपी इरफान अंसारी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गुप्त सूचना पर छापेमारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सियालजोड़ी ओ.पी. थाना अंतर्गत मूनदनिया बस्ती में अवैध शराब निर्माण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उत्पाद निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मूनदनिया बस्ती स्थित एक एस्बेस्टस के मकान में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की, जहाँ बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब बनाने का काला कारोबार चल रहा था।

कच्चा माल और उपकरण बरामद

छापेमारी में विभाग ने मौके से न केवल तैयार नकली शराब बरामद की, बल्कि शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की है।

बरामद सामान

  • विभिन्न नामी ब्रांडों की तैयार नकली विदेशी शराब।
  • हजारों की संख्या में खाली बोतलें और नकली ढक्कन।
  • प्रसिद्ध ब्रांडों के जाली स्टिकर और लेबल।
  • कारमेल (रंग देने वाला पदार्थ) और पंचिंग मशीन।

पुराना अपराधी है आरोपी इरफान अंसारी

जांच के दौरान पता चला है कि इस अवैध फैक्ट्री का संचालन इरफान अंसारी (पिता: वारिश अंसारी), निवासी पचौड़ा बस्ती, हरला थाना क्षेत्र द्वारा किया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इरफान अंसारी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी उत्पाद विभाग में कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति में संलिप्त रहा है।

इस अभियान में मुख्य रूप से

  • विनय कुमार सिंह (प्रशिक्षु निरीक्षक, उत्पाद)
  • सन्नी विवेक तिर्की (अवर निरीक्षक, तेनुघाट)
  • अमित कुमार गुप्ता (अवर निरीक्षक, सदर अंचल)
  • महेश दास (अवर निरीक्षक, चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल) अधिकारी और जवान शामिल थे:

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *