
बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में छेड़खानी और चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी शशि शर्मा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसे मोटरसाइकिल के साथ दबोचा।
आरोप है कि शशि शर्मा ने एक महिला के घर में घुसकर छेड़खानी की और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से बाइक और लाल मिर्च से भरा डिब्बा भी बरामद किया गया।
घर में घुसकर चोरी और छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार CCTV फुटेज से हुई पहचान
बोकारो। बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बियाडा बाजार में 2 मई की रात घर में घुसकर चोरी और महिला से छेड़खानी करने के आरोपी शशि शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ 14 मई को पकड़ा गया। CCTV फुटेज अहम सबूत बना।
क्या है मामला
5 मई 2026 को बियाडा बाजार निवासी एक महिला ने बालीडीह थाना में आवेदन दिया था। महिला ने बताया कि 2 मई की रात वह परिवार के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुसा और अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। नींद खुलने पर महिला के शोर मचाने पर अज्ञात व्यक्ति घर में रखा मोबाइल और 2000 रुपये लेकर भाग गया।
CCTV से खुला राज
अगले दिन चोरी किया गया मोबाइल महिला के घर के बाहर फेंका हुआ मिला। महिला ने घर के बगल में लगे CCTV फुटेज को खंगाला तो देखा कि पड़ोस में रहने वाला शशि शर्मा मोबाइल फेंककर भाग रहा है। इसके बाद महिला को विश्वास हो गया कि घटना शशि शर्मा ने ही की है।
केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
महिला के आवेदन पर बालीडीह थाना कांड सं. 79/26, दिनांक 05.05.26, धारा 332/305(ए)/76 BNS के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना पर 14 मई 2026 को अभियुक्त शशि शर्मा को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना का CCTV फुटेज भी साक्ष्य के तौर पर संकलित कर सुरक्षित रख लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।


