Bokaro: शादी से लौट रहे तीन युवकों की चली गई जिन्दगी, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एनएच-32 पर बेडानी मोड़ के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मृतकों की पहचान की गई। मृतकों में 18 वर्षीय आर्यन महतो (पिता- हीरालाल महतो), निवासी भंड्रो, 19 वर्षीय अमर कुमार महतो (पिता- अमृत महतो), निवासी संथालाडीह तथा 20 वर्षीय सुमित गोराई (पिता- दुलाल महतो), निवासी भवानीपुर साइड सांगजोरी शामिल हैं। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक सोमवार रात बोराडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से वापस अपने-अपने घर लौटने के दौरान बेडानी मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक आर्यन महतो के पिता हीरालाल महतो ने बताया कि उनका बेटा सोमवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह में शामिल होने घर से निकला था। उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा। इस हादसे में उनके इकलौते बेटे समेत तीन परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए।

घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *