बोकारो पुलिस ने रिंकु गिरी को घर पहुंचाया

हमारा बोकारो। पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल एक बार फिर देखने को मिली। बालीडीह थाना पुलिस ने रेलवे कॉलोनी में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को बालीडीह थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में करीब 19 वर्षीय युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। टाइगर मोबाइल के जवानों ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सका। इसके बाद उसे सुरक्षित बालीडीह थाना लाया गया।

थाने में तलाशी के दौरान युवक की जेब से एक कागज मिला, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया तो बात विजय गिरी से हुई। उन्होंने बताया कि युवक उनका छोटा भाई रिंकु गिरी है, जो उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले के परसोहिया गांव का रहने वाला है और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण घर से लापता हो गया था।

सूचना मिलने के बाद बालीडीह थाना पुलिस ने रिंकु गिरी को सुरक्षित अपनी निगरानी में रखा और उसके भाई को बोकारो आने के लिए कहा। 11 जुलाई को विजय गिरी बालीडीह थाना पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने रिंकु गिरी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

अपने भाई को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने बोकारो पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली, तत्परता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

यह घटना बताती है कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी बोकारो पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *