Bokaro News: सेक्टर-2 में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, टहल रहे व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बदमाश

बोकारो: बोकारो में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर में चोरी, लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। रविवार को सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2सी में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2सी, स्ट्रीट नंबर-9 स्थित क्वार्टर नंबर-1011 निवासी शैलेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव रविवार दोपहर करीब 3 बजे सड़क पर टहल रहे थे। तभी ग्लैमर बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों तेज रफ्तार से फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक टोपी लगाए था। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में घटना में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, शहर में नाकेबंदी कर दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *