
हमारा बोकारो: जिले में बास्केटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संघ का पहला बास्केटबॉल प्रशिक्षण केंद्र अब दिल्ली पब्लिक स्कूल, चास में शुरू किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से बोकारो, चास और चंदनकियारी क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक के साथ गुणवत्तापूर्ण बास्केटबॉल प्रशिक्षण मिलेगा।
इस प्रशिक्षण केंद्र में अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में नियमित अभ्यास कराया जाएगा। खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस, टीम वर्क और प्रतियोगिताओं की तैयारी पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
डीपीएस चास की निदेशक-सह-प्राचार्या मनीषा तिवारी ने इसे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि संघ का पहला प्रशिक्षण केंद्र डीपीएस में खुलना बच्चों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ चंदनकियारी और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को भी पेशेवर प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत चिंता का विषय है। ऐसे में यह प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को खेल के मैदान से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन विकसित करने और शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने में अहम भूमिका निभाएगा।
बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह और सचिव कन्हैया प्रसाद ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कई खिलाड़ी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि डीपीएस चास में प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से और अधिक बच्चों को बास्केटबॉल सीखने का अवसर मिलेगा। इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा और भविष्य में वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकेंगे।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह, सचिव कन्हैया प्रसाद, कोषाध्यक्ष किंकर कृष्णा समेत अन्य पदाधिकारियों ने डीपीएस चास की निदेशक-सह-प्राचार्या मनीषा तिवारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक राहुल प्रताप सिंह को प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना में उनके महत्वपूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ का मानना है कि डीपीएस चास में स्थापित होने वाला यह पहला प्रशिक्षण केंद्र जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा और आने वाले वर्षों में यहां से कई खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


