Hamara Bokaro Desk

बोकारो: चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के पास बाइक की डिक्की तोड़कर ₹3.50 लाख चोरी करने वाले गिरोह का बोकारो पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई को दोपहर करीब 12:40 बजे जोधाडीह मोड़ के पास एक वृद्ध व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश ₹3.50 लाख लेकर फरार हो गए थे। मामले में चास थाना कांड संख्या 86/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक (चास) वेदांत शंकर के निर्देशन और चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल एवं अपराधियों के भागने के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बिहार में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद 12 जुलाई को कटिहार (बिहार) के कोढ़ा थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर नया टोला, जुराबगंज निवासी निरो उर्फ निरेन्द्र बनजारा और राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला के ससुराल में छापेमारी के दौरान चोरी की गई पूरी राशि ₹3,50,000 बरामद कर ली गई। इस कार्रवाई से पीड़ित की पूरी रकम सुरक्षित बरामद हो गई।
इस अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश दयाल सिंह, संदीप कुमार, महेंद्र मोदी, विक्रम कुमार सहित एसआईटी के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ मामले का खुलासा किया, बल्कि चोरी की पूरी रकम बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में भी सफलता हासिल की।


