
Hamara Bokaro Desk
बोकारो: आधुनिकता और लग्जरी कारों के दौर में बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के जनार्दन महतो ने अपनी शादी को पारंपरिक अंदाज में संपन्न कर एक अलग मिसाल पेश की है। अपनी दुल्हन श्वेता को लाने के लिए उन्होंने ऑडी, बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी कारों की जगह बैलगाड़ी को चुना। उनकी यह अनोखी बारात अब पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह बारात कसमार प्रखंड के तेलियाडीह (टांगटोना) गांव से मुंगो बगदा के लिए निकली। पूरे विवाह समारोह का आयोजन कुड़माली नेगेचारी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया। बारात में पारंपरिक घोड़ा नाच, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सैकड़ों बारातियों की मौजूदगी ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
जनार्दन महतो और उनकी धर्मपत्नी श्वेता दोनों शिक्षित हैं। जनार्दन का कहना है कि उनका उद्देश्य आधुनिकता की दौड़ में अपनी संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को जीवित रखना है। उनका मानना है कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि पारंपरिक तरीके से संपन्न हुई यह शादी समाज को अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजने का सकारात्मक संदेश देती है। यही कारण है कि यह अनोखी शादी पूरे झारखंड में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
Bokaro News, Kasmar News, Janardan Mahto Wedding, Traditional Wedding, Bullock Cart Wedding, Kurmali Culture, Jharkhand News, Hamara Bokaro, Bokaro Hindi News


