कसमार में 7 वर्षीय बच्चे से कथित अप्राकृतिक यौनाचार, पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

Hamara Bokaro Desk

बोकारो: बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। सात वर्षीय एक बच्चे के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप लगाते हुए उसकी मां ने गांव के दो युवकों के खिलाफ कसमार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, घटना करीब एक सप्ताह पहले की है। पीड़ित बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा गांव में आम चुनने गया था। इसी दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसे अपने साथ सुनसान स्थान पर ले जाकर कथित रूप से उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद बच्चे को किसी से कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद बच्चा काफी सहमा हुआ था और लगातार दर्द से परेशान था। डर और शर्म की वजह से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। जब उसने मकतब (स्कूल) जाने से इनकार कर दिया, तब परिवार को शक हुआ। मां द्वारा पूछने पर बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना बताई।

पीड़ित की मां का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्होंने स्थानीय मकतब के शिक्षकों को भी दी थी, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस पहल या कार्रवाई नहीं की गई।

इसके बाद पीड़ित परिवार ने कसमार थाना पहुंचकर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Bokaro News, Kasmar News, POCSO Case Bokaro, Bokaro Crime News, Jharkhand Crime News, Hamara Bokaro, Kasmar Police, Bokaro Hindi News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *