पेटरवार का युवक पलायन का शिकार, मुंबई के ठाणे में सड़क दुर्घटना में मौत

बोकारो, पेटरवार डेस्क: रोजगार की तलाश में झारखण्ड बोकारो से दूर काम करने महाराष्ट्र गए पेटरवार प्रखंड के एक युवक की महाराष्ट्र के मुंबई स्थित ठाणे क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक पेटरवार थाना क्षेत्र के उत्तासारा पंचायत के अम्बाडीह निवासी गोबिंद महतो के 36 वर्षीय पुत्र कमलेश महतो है। बताया गया कि वह एपीएस माइनिंग कंपनी में कार्यरत थे। वे बीते 3 महीने पूर्व घर से मुंबई रोजगार करने के लिए गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलेश महतो कंपनी में हाइवा चालक के रूप में कार्य करते थे। शनिवार को कार्य के दौरान वाहन का ब्रेक फेल हो जाने के कारण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें उनकी मौत हो गई।

छोड़ गए दो बच्चियां

कमलेश महतो अपने पीछे पत्नी एवं दो बच्चियों उम्र लगभग 11 वर्ष और 6 वर्ष को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस घटना को रोजगार के लिए होने वाले पलायन की दर्दनाक तस्वीर बताते हुए कहा कि बेहतर रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले श्रमिक कई बार जोखिम भरे हालात में काम करने को मजबूर होते हैं।

घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने जनता दरबार में पहुंचकर झारखंड सरकार के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद से मुलाकात की तथा मृतक के शव को मुंबई से उनके पैतृक गांव तक लाने में सरकारी स्तर पर सहयोग करने की मांग की। साथ ही संबंधित कंपनी एवं प्रशासन के माध्यम से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

मौके पर मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने भी सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *