
बोकारो पेटरवार डेस्क: बोकारो जिले के पेटरवार स्थित वन सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार के दौरान राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने पेटरवार वन क्षेत्र अंतर्गत जंगली जानवरों के हमले से प्रभावित परिवारों एवं किसानों के बीच कुल ₹6,03,200 की मुआवजा राशि का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान मृतक आश्रित के रूप में स्व. मंजू देवी के परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं फसल एवं मकान क्षति से प्रभावित लाभुकों लाली मांझी, साहेब राम मांझी, शिवचंद मांझी, महेश मांझी, महेंद्र साव, ताजो देवी तथा गणेश गंझू को भी निर्धारित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


