
बोकारो डेस्क: झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में पाकुड़ में 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप प्रतियोगिता चल रहा है जिसमे बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की बालक एवं बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है।
बालक वर्ग में बोकारो की टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में धनबाद को एकतरफा मुकाबले में 48-06 के बड़े अंतर से पराजित किया। इस मैच में बोकारो के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और उत्कृष्ट टीमवर्क तथा आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
इसके बाद दूसरे लीग मुकाबले में बोकारो का सामना दुमका से हुआ। इस मैच में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन की और अपने पूल में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
बोकारो के बालिकाओं ने जामताड़ा को बड़े अंतर से हराया
वहीं बालिका वर्ग में बोकारो की टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जामताड़ा के विरुद्ध की। इस मुकाबले में बोकारो की बालिकाओं ने शानदार खेल दिखाते हुए जामताड़ा को 27-03 के बड़े अंतर से हराया। दूसरे मैच में मेजबान पाकुड़ की टीम को 11-05 से पराजित कर टीम ने अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बोकारो की भिड़ंत पूर्वी सिंहभूम की मजबूत टीम से हुई। रोमांचक मुकाबले में बोकारो की खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए 23-14 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब सेमीफाइनल में बोकारो की टीम का मुकाबला 7 जून को टाटा स्टील की टीम से होगा।
टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खुशी का माहौल है। सभी ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि 1 जून को बोकारो पब्लिक स्कूल के बास्केटबॉल कोर्ट में जिला टीम चयन ट्रायल आयोजित किया गया था।
बालक टीम के खिलाड़ी
कृष्णा, नवीन, आशीष, अभि, शिवम, गैरी, अंशुमान, केशव, अयान, वंश, रियांश एवं अश्वनी।
बालिका टीम के खिलाड़ी: सेजल, ऋचा, इशिका, प्राची, प्रिया, एकता, शिवांजलि, सोनाक्षी, वेदिका, वृष्टि एवं आकांक्षा।
टीम कोच किंकर कृष्णा एवं निशांत हांसदा ने कहा कि बच्चों के सफलता पर हम कोच भी सफल होते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है. इन्हें अवसर दिया जाने से यह राष्ट्रीय स्तर पर बोकारो का नाम ऊंचा कर सकते हैं.
बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेन्द्र नारायण सिंह एवं सचिव कन्हैया प्रसाद ने बोकारो पब्लिक स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्कृष्ट खेल सुविधाओं का खिलाड़ियों को भरपूर लाभ मिला। उन्होंने दोनों टीमों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा आगामी मुकाबलों में सफलता की शुभकामनाएं दीं।


