
बोकारो, डेस्क : बोकारो पुलिस यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से शहर में लगातार अभियान चला रही है. शनिवार को अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक अजय प्रसाद के नेतृत्व में शहर में विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात थाना प्रभारी नितेश कुमार पुलिस बल की टीम शामिल रही।
अभियान के दौरान जोधाडीह मोड़, गरगा पुल, नया मोड़ एवं एलआईसी मोड़ के समीप कुल 275 ऑटो और टोटो वाहनों की जांच की गई। जांच के क्रम में 87 वाहन चालक मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए।
नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित चालकों से कुल ₹2 लाख 7 हजार का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने ऑटो एवं टोटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


