
वार्ड सदस्यों की बैठक
हमारा बोकारो ,पेटरवार डेस्क। पेटरवार प्रखंड के ओरदाना पंचायत में रविवार को प्रखंड वार्ड सदस्य संघ के बैनर तले वार्ड सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मनोहर महतो ने की। इसमें वार्ड सदस्यों के मान-सम्मान, मासिक मानदेय, दैनिक भत्ता एवं यात्रा भत्ता सहित पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक उनकी सहभागिता को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सदस्यों ने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों एवं निर्णय प्रक्रिया में वार्ड सदस्यों की अपेक्षित सहभागिता नहीं हो पा रही है। वहीं, मानदेय और अन्य सुविधाओं को लेकर भी सदस्यों ने अपनी समस्याएं रखीं।बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 सितंबर को सदमा कला पंचायत सचिवालय में अगली बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें वार्ड सदस्यों की मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। संघ की ओर से पेटरवार प्रखंड परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की भी बात कही गई। बैठक में बड़ी संख्या में वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।
