सेक्टर-6 डेली मार्केट में भीषण आग, 7-8 दुकानें जलकर खाक

हमारा बोकारो ,बोकारो डेस्क । सेक्टर-6 स्थित डेली मार्केट में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 7-8 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। मिठाई, सैलून, ग्लास और अन्य दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। प्रसाद मिठाई दुकान की तीन दुकानों के भी जलने की बात सामने आई है।
दुकानदारों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा नजदीक होने के कारण दुकानों में ऑर्डर का काफी सामान मंगाकर रखा गया था। एक दुकान में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और भीड़ को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *