
भरभराकर गिरा जर्जर क्वार्टर
हमारा बोकारो ,बोकारो डेस्क। बोकारो के सेक्टर-12 ई में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जर्जर क्वार्टरों का एक हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गया। जानकारी के अनुसार क्वार्टर संख्या 1283 से 1295 तक का हिस्सा अचानक ढह गया। बिल्डिंग गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति अंदर मौजूद थे। उन्हें दमकल की गाड़ी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार क्वार्टर काफी समय से जर्जर हालत में थे। अचानक इमारत के इस तरह गिरने से पुराने और जर्जर आवासों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।


