हजारीबाग में पत्रकार से मारपीट पर बोकारो के पत्रकारों में उबाल, निकाला गया विरोध मार्च

काला बिल्ला लगाकर टाउन हॉल से डीसी कार्यालय तक किया गया पैदल मार्च, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

बोकारो। हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को बोकारो के पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध मार्च निकाला। बड़ी संख्या में पत्रकार टाउन हॉल में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे।

पत्रकारों ने उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार को ज्ञापन सह आवेदन सौंपा। बताया गया कि हजारीबाग में पत्रकार की पिटाई झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई थी।

दोषियों पर कार्रवाई
ज्ञापन में पत्रकारों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग की। पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मांग पूरी न होने पर होगा आंदोलन

उपायुक्त अजय नाथ झा ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। विरोध मार्च में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया के पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने कहा कि इस मुद्दे पर वे रांची प्रेस क्लब के साथ एकजुट हैं और मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *