बोकारो टीटी लाइन पर पहली पैसेंजर ट्रेन को मंजूरी, जानिए रूट, टाइमिंग और कब से शुरू होगी सेवा

हमारा बोकारो,डेस्क । लंबे इंतजार के बाद बोकारोवासियों के लिए अच्छी खबर आई है। भोजुडीह और बोकारो स्टील सिटी के बीच टीटी तलगरिया तुपकाडीह रेल लाइन पर पहली बार नियमित पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही इस रूट पर यात्रियों को नियमित ट्रेन सुविधा मिलने लगेगी।

इस नई सेवा से भोजुडीह, शिवबाबुडीह, तलगड़िया, बांधडीह, चास, इस्पात नगर और बोकारो स्टील सिटी स्टेशन के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी। खासकर चास और आसपास के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग उठ रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।

सप्ताह में पांच दिन होगा परिचालन

रेलवे की प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 58035 सुबह 8:15 बजे भोजुडीह से रवाना होगी। यह शिवबाबुडीह, तलगड़िया, बांधडीह, चास और इस्पात नगर होते हुए सुबह 9:30 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 58036 शाम 6:15 बजे बोकारो स्टील सिटी से रवाना होकर शाम 7:30 बजे भोजुडीह पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन रविवार और गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन किया जाएगा।

जल्द होगी शुरुआत की तारीख घोषित

हालांकि रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद भी ट्रेन के परिचालन की तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही शुभारंभ की तारीख तय की जाएगी। संभावना है कि उद्घाटन के अवसर पर ट्रेन को पहले विशेष सेवा (स्पेशल रन) के रूप में चलाया जाए, जिसके बाद इसे नियमित पैसेंजर सेवा के रूप में संचालित किया जाएगा।

टीटी लाइन पर पहली बार पैसेंजर ट्रेन के संचालन से न केवल स्थानीय यात्रियों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि इस रेलखंड से जुड़े क्षेत्रों के व्यापार, रोजगार और आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *