
श्रद्धांजलि सभा
हमारा बोकारो पेटरवार डेस्क। पेटरवार प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बुंडू पंचायत के सभागार में रविवार को ज्ञान विज्ञान समिति झारखंड, जिला इकाई बोकारो के तत्वावधान में प्रख्यात परमाणु वैज्ञानिक सह जन वैज्ञानिक डॉ. एमपी परमेश्वरन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज कुमार सिन्हा ने की।मौके पर समिति के प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद ठाकुर ने कहा कि डॉ. एमपी परमेश्वरन ने विज्ञान को केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे सामाजिक बदलाव और तार्किक चेतना का मजबूत माध्यम बनाया।
पंकज कुमार सिन्हा ने डॉ. परमेश्वरन के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सपना ऐसे समाज का निर्माण करना था, जहां समता और वैज्ञानिक सोच हर नागरिक के जीवन का हिस्सा हो।

चमेली देवी ने बताया कि भारत भविष्य का भारत अभियान के तहत पूरे जिले में 250 नागरिक शिक्षा केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से गांव और पंचायत के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा अपने क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक नागरिक शिक्षा केंद्र के संचालन के लिए दो स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 19 से 21 सितंबर तक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी जिलों से रिसोर्स पर्सन भाग लेंगे।
कार्यक्रम में राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार ठाकुर, कृष्णानंद महतो, प्रमिला देवी, सुनीता देवी, पार्वती देवी, रमेश कुमार मुंडा, सागर महतो, चमेली देवी, महेश्वर गोराई सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
